राजस्थान के कांग्रेस पार्टी के एक मंत्री (राजेंद्र गुढ़ा) ने सदन में कहा कि प्रदेश की सरकार को दूसरे प्रदेश की तरफ ना देखकर अपने गरिमा में झांकना चाहिए, क्योंकि राजस्थान में हर दिन 17 बहन-बेटियों के साथ दुष्कर्म होता है। इसके बाद राजेंद्र गुढ़ा को मंत्री पद से हटा दिया गया है.
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल कलराज मिश्र को राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त करने की अनुशंसा की थी। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री गहलोत की इस अनुशंसा को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया.
क्या कहा भाजपा ने
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि “सच बोलने की सजा तो मिलनी ही थी। राजेन्द्र गुढ़ा ने विधानसभा में अपनी ही सरकार की पोल खोली और कहा कि राजस्थान में महिलाओं की स्थिति दयनीय है। अब ख़बर आ रही है कि अशोक गहलोत ने उन्हें मंत्री पद से हटा दिया है…ये दिखाता है कि महिलाओं पर उत्पीड़न का मामला कांग्रेस के लिए सिर्फ राजनीति करने का मुद्दा है.
वहीँ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि “मंत्री का बर्खास्त होना यह दर्शाता है कि चुनाव के समय अशोक गहलोत स्वयं मान चुके हैं कि उनकी सरकार जाने वाली है। उन्होंने (राजेंद्र गुढ़ा) तो सच कहा कि राजस्थान में महिलाओं पर उत्पीड़न हो रहा है…अपने नाकामियों पर काम नहीं करना है, कानून व्यवस्था, जंगलराज ठीक नहीं करना है, सच बोलने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई करना, यह साफ संकेत है कि गहलोत सरकार जा रही है”.





