December 5, 2025 4:41 am

गाजियाबाद कोर्ट में फिर तेंदुए की पेशी, अदालत को किया गया बंद; सर्च अभियान जारी

Leopard produced again in Ghaziabad court
Google

गाजियाबाद :। राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद कोर्ट में आज गुरुवार को एक बार फिर तेंदुआ देखा गया है। हालांकि तेंदुए को एक बार फिर देखे जाने की चर्चा कल से ही चल रही थी, जिसको कल अफवाह मात्र बताया गया था जिसके बाद जांच की जा रही थी।

सूत्रों के अनुसार आज फिर सुबह 7:45 पर तेंदुए की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसके बाद हड़कंप की स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर कोर्ट  को बंद कर दिया गया है। अब वन विभाग और पुलिस के अधिकारी उसकी तलाश में सर्च अभियान चला रहे हैं।

बता दें कि एक सप्ताह पहले भी एक तेंदुए ने कोर्ट में घुसकर जम कर उत्पात मचाया था। हालांकि देर रात उसे पकड़ कर सहारनपुर में छोड़ दिया गया था।

इसी बीच बुधवार की सुबह एक बार फिर कोर्ट में तेंदुए के देखे जाने की खबर मिली। हालांकि शाम तक अधिकारियों ने इस खबर को अफवाह करार दिया और गुरुवार की सुबह समय से कोर्ट शुरू हो गया। इसी बीच परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में इस तेंदुए की झलक दिख गई। इसके बाद हड़कंप मच गया। आनन फानन में कोर्ट परिसर को खाली कराते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

सुबह पौने आठ बजे दिखी हरकत

जानकारी के मुताबिक कोर्ट कर्मचारी सुबह नियमित समय से कोर्ट पहुंचे और अपना काम शुरू ही किया था कि सीसीटीवी रूप से तेंदुआ आने का शोर हुआ। देखने पर पता चला कि सुबह 7:45 बजे एक मादा तेंदुआ और उसके पीछे पीछे शावक तेंदुआ कोर्ट परिसर में घूम रहा है। इसे देखते ही कोर्ट में आए वकीलों और वादकारियों में हड़कंप मच गया। कोर्ट के अंदर भी गेट बंद कर दिए गए।

बार एसोसिएशन ने बंद कराया कोर्ट

जिला बार एसोसिएशन ने तेंदुए को लेकर दहशत की स्थिति को देखते हुए सभी वकीलों को कोर्ट से बाहर निकल जाने को कहा। इसी के साथ एसोसिएशन ने पत्र जारी कर न्यायिक कार्य बंद रखने की जानकारी दी। वहीं वकीलों ने दहशतग्रस्त वादकारियों को बिना भगदड़ मचाए परिसर से बाहर निकल जाने को कहा।

वन विभाग ने शुरू कराया सर्च अभियान

कोर्ट में एक बार फिर तेंदुआ होने की सूचना पर 12 सदस्यीय वन विभाग की टीम कोर्ट पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हालांकि करीब घंटे भर के सर्च ऑपरेशन के बाद भी कहीं तेंदुआ नजर नहीं आया है। आशंका है कि यह तेंदुआ किसी पेड़ पर या इमारत के मुंडेर पर छिपा हुआ हो सकता है।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer