February 19, 2026 9:59 pm

महोबा: अज्ञात हमलावरों ने छात्र को मारी गोली, हालत गंभीर…

महोबा :। उप्र के महोबा जनपद में B.A. फाइनल ईयर के छात्र को रात के समय अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मरने की खबर सामने आ रही है। छात्र को उसके घर के बाहर ही गोली मारी गई है। सीने में गोली लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भटीपुरा का  है।

गोलीकांड की सूचना मिलते ही एएसपी सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल का इलाज इमरजेंसी वार्ड में किया गया लेकिन हालत नाजुक होने के चलते उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है, जबकि पुलिस वारदात के पीछे की क्या वजह है इसकी जांच करने में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भटीपुरा में रात के समय घर के बाहर छात्र को अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर घायल कर दिया। मोहल्ला भटीपुरा निवासी मोहन कुमार का पुत्र शैलेंद्र कुमार शहर के वीरभूमि डिग्री कॉलेज में B.A. फाइनल ईयर का छात्र  बताया जा रहा है।

रात के समय वह अपने घर में अपनी मां और बहन के साथ खाना खा रहा था तभी अचानक दरवाजे पर एक फायर होने की आवाज आई जिसे सुनकर छात्र शैलेंद्र कुमार अपनी मां और बहन के साथ घर के बाहर देखने आया तभी हमलावर ने दूसरा फायर कर दिया जो सीधा शैलेंद्र के सीने में जाकर लगा।

गोली लगते ही शैलेन्द्र अपनी मां-बहन को लेकर घर के अंदर घुस गया व दरवाजा बंद कर लिया। इस बीच हमलावर मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज से आस पड़ोस के लोग भी इकट्ठा हो गए। घायल शैलेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सा प्रभारी डॉ. एहतेशाम ने घायल का प्राथमिक उपचार इमरजेंसी वार्ड में किया लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

गोलीकांड की खबर मिलते ही एएसपी सत्यम सहित शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची है। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ साथ आसपास के लोगों व अस्पताल में पहुंचकर घायल से भी पूछताछ हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक सत्यम ने बताया कि शैलेंद्र नाम के युवक को किसी अज्ञात के गोली चलाने से गोली लग गई है। मामले की जांच की जा रही है। घायल का प्राथमिक इलाज कराने के बाद और बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर भेजा गया है। हमलावर कौन था और गोली मारने के पीछे क्या वजह है? यह साफ नहीं हो पा रहा है, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer