नई दिल्ली :। देश की राजधानी दिल्ली में हुए निक्की यादव मर्डर केस में नई जानकारी सामने आई है निक्की यादव के मर्डर की जानकारी मुख्य आरोपी साहिल गहलोत के पिता वीरेंद्र सिंह सहित अन्य परिजनों को भी थी।
दिल्ली पुलिस काइम ब्रांच ने आज शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए निक्की की हत्या की साजिश रचने के आरोप में साहिल गहलोत के पिता वीरेंद्र सिंह, भाई अशीष और नवीन, दोस्त लोकेश और अमर को गिरफ्तार किया है। ख़ास बात है कि गिरफ्तार किया गया एक आरोपी नवीन दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है।
स्पेशल सीपी (अपराध शाखा) रविंदर यादव ने बताया, ‘पुलिस हिरासत में रिमांड के दौरान साहिल गहलोत से पूछताछ की गई। उसने अपना पूरा प्लान बताया और कहा कि निक्की की हत्या के बाद उसने अन्य सह-आरोपी व्यक्तियों को इसके बारे में जानकारी दी थी। उसके बाद वे सभी साथ में शादी समारोह में शामिल हुए थे।
इसके बाद सभी 5 सह-आरोपियों (पिता, दो चचेरे भाई, आशीष और नवीन और दो दोस्त अमर और लोकेश) से पूछताछ की गई और उनकी भूमिका की पुष्टि और पता लगाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। नवीन दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है। आगे की जांच चल रही है।
आर्य समाज मंदिर में थी शादी :
बताया जा रहा है कि साहिल और निक्की ने अक्टूबर 2020 में ही नोएडा के एक आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। साहिल का परिवार इस शादी से नाखुश था इसलिए वो निक्की को रास्ते से हटाना चाहते थे।
परिवार ने दिसंबर 2022 मे उसका रिश्ता तय कर दिया और लडकी वालों से बात छिपाई कि साहिल पहले से शादीशुदा है। पुलिस ने साहिल और निक्की के शादी के सर्टिफिकेट भी बरामद किए है। निक्की की शव को फ्रिज में छुपाने में उसके दोस्त और चचेरे भाई ने साथ दिया था।





