March 20, 2026 9:56 pm

जम्मू-कश्मीर के बारामुला में लश्कर के दो आतंकी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

jammu-kashmir-3
Google

श्रीनगर :। स्वतंत्रता दिवस के दौरान कश्मीर में हालात बिगाड़ने और लोगों में डर पैदा करने के लिए आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का टारगेट किलिंग का बड़ा षडयंत्र फेल हो गया है। सुरक्षाबलों ने आज बुधवार तड़के बारामूला में दो आतंकियों को गिरफ्तार कर इस षडयंत्र को फिलहाल विफल कर दिया है। पकड़े गए आतंकियों से पूछताछ जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए दोनों आतंकी स्थानीय ही हैं और इन्हें बारामुला के आजादगंज में सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के एक संयुक्त नाका दल ने पकड़ा है। नाका पार्टी ने आज तड़के दो युवकों को संदिग्धावस्था में पैदल चलते देखा। नाके पर तैनात जवानों ने दोनों युवकों पर कड़ी निगाह रखते हुए उन्हें आगे आने दिया, लेकिन दोनों युवकों ने नाका देख तुरंत पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया।

नाके पर तैनात जवानो ने दोनों का पीछाकर उन्हें कोई मौका दिए बगैर पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, चार कारतूस, एक ग्रेनेड व अन्य साजो सामान मिला। दोनों की पहचान फैसल मजीद गनई निवासी बंगला बाग बारामुला और नूर-उल-कामरान गनई निवासी बाग-ए-इस्लाम ओल्ड टाउन के रूप में हुई है।

शुरुआती पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके हैंडलर ने उन्हें ओल्ड टाउन में एक जगह विशेष से हथियार लेने को कहा था। उन्हें 15 अगस्त से पहले बारामुला व उसके साथ सटे इलाकों में सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड हमला करने के अलावा कश्मीरी हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों की टारगेट किलिंग का जिम्मा सौंपा गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों से मिले सुरागों के आधार पर बारामुला में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क के खिलाफ एक अभियान चलाया गया है। पूछताछ जारी है।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer