November 19, 2026 10:43 pm

आलिया-आर्यन से वैभव तक… मिलिए भारत के 100 नए सितारों से

  • बॉलीवुड, क्रिकेट, बिजनेस और साइंस के चमकते चेहरों को मिला ग्लोबल मंच, पहली बार भारत के लिए जारी हुई TIME100 Next की खास लिस्ट
  • आलिया भट्ट, आर्यन खान और वैभव सूर्यवंशी समेत 100 हस्तियों को मिली जगह
  • हरमनप्रीत, लवलीना, दिलजीत और शुभांशु शुक्ला भी सूची में शामिल
  • तीन ग्लोबल कवर जारी, 12 दिसंबर को मुंबई में सजेगी सितारों की महफिल

MUMBAI:  कोई सिल्वर स्क्रीन पर अपनी अदाकारी से छा रहा है, कोई क्रिकेट के मैदान पर नए रिकॉर्ड गढ़ रहा है, तो कोई अंतरिक्ष और तकनीक की दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रहा है. अब इन नई प्रतिभाओं को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित मंचों में से एक TIME ने सलाम किया है. आलिया भट्ट, आर्यन खान और क्रिकेट के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी समेत भारत के 100 उभरते चेहरों को TIME100 Next India की पहली सूची में जगह मिली है. खास बात यह है कि TIME ने पहली बार अपनी इस चर्चित वैश्विक पहल का भारत-केंद्रित संस्करण लॉन्च किया है. रिलायंस इस पहल का प्रीमियर पार्टनर है.

सिर्फ सितारे नहीं, बदलाव की नई कहानी लिख रहे चेहरे

इस सूची में ग्लैमर और खेल की दुनिया से आगे बढ़कर उन लोगों को भी जगह दी गई है, जो बिजनेस, साइंस, टेक्नोलॉजी, म्यूजिक और सामाजिक बदलाव की दिशा में नए रास्ते बना रहे हैं. खेल जगत से हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन और सानिया मिर्जा ने जगह बनाई है. संगीत की दुनिया से दिलजीत दोसांझ और अनिरुद्ध रविचंदर शामिल हैं. वहीं बिजनेस और टेक्नोलॉजी सेक्टर से पीयूष बंसल, अलबिंदर सिंह ढींडसा, तरुण मेहता और राधिका गुप्ता को चुना गया है. अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की मौजूदगी ने इस सूची को और खास बना दिया है.

तीन कवर, भारत की नई पहचान

TIME ने इस विशेष संस्करण के लिए तीन ग्लोबल कवर जारी किए हैं. पहले कवर पर आलिया भट्ट नजर आ रही हैं. दूसरे कवर पर स्पेस टेक कंपनी स्काईरूट के को-फाउंडर पवन कुमार चंदाना हैं. तीसरे ग्रुप कवर में फिल्ममेकर आर्यन खान, पायल कपाड़िया और थेजा रियो को जगह दी गई है. इस सूची की खास बात यह भी है कि इसमें शामिल प्रतिभाओं की कहानी को देश की जानी-मानी हस्तियों ने अपने शब्दों में बयां किया है. एसएस राजामौली ने आलिया भट्ट, विशाल भारद्वाज ने आर्यन खान और आयुष्मान खुराना ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पर लिखा है.

भारत की नई पीढ़ी, दुनिया का अगला भविष्य

TIME की सीईओ जेसिका सिबली के मुताबिक, भारत में ऐसे नए लीडर्स उभर रहे हैं, जिनके विचार और काम का प्रभाव अब देश की सीमाओं तक सीमित नहीं है. TIME के एडिटर-इन-चीफ सैम जैकब्स का भी मानना है कि भारत की यह पीढ़ी सिर्फ अपने देश का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का भविष्य गढ़ने में अहम भूमिका निभाएगी. इस सूची के लिए 100 नामों का चयन भारत और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे TIME के पत्रकारों ने किया है.

12 दिसंबर को मुंबई में जुटेंगे दिग्गज

इस उपलब्धि का जश्न भी खास अंदाज में मनाया जाएगा. TIME100 Next India का भव्य गाला 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा. TIME और रिलायंस मिलकर इस आयोजन की मेजबानी करेंगे. वहीं इस विशेष संस्करण का अंक 7 दिसंबर से दुनियाभर के न्यूजस्टैंड्स पर उपलब्ध होगा.

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer