November 19, 2026 8:20 pm

Reel वाली Gen-Z को यूपी का Real Past बताना जरूरी: सीएम योगी

  • 10 साल पहले वाला UP देखा है? Gen-Z और Gen-Alpha को पुरानी तस्वीर दिखाना चाहते हैं CM योगी!
  • दंगों, कर्फ्यू और रंगदारी से लेकर AI सिटी, स्टार्टअप और ब्रह्मोस तक… राइजिंग भारत समिट में सीएम ने गिनाए यूपी के बदलाव, बोले- अतीत जानोगे तभी भविष्य की जिम्मेदारी समझोगे

LUCKNOW :  आज की Gen-Z रील्स, स्टार्टअप, AI और डिजिटल दुनिया में जी रही है. लेकिन क्या इस पीढ़ी ने 10 साल पहले वाला उत्तर प्रदेश देखा है? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चाहते हैं कि नई पीढ़ी को यूपी के उस दौर की जानकारी जरूर हो, जब उनके मुताबिक प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, गुंडागर्दी और व्यापारियों से रंगदारी की घटनाएं आम थीं.

एक निजी चैनल के राइजिंग भारत समिट में सीएम योगी ने कहा कि 15 से 25-27 साल की उम्र के युवाओं ने उस दौर को नहीं देखा है. उन्हें बताना होगा कि पहले प्रदेश की स्थिति कैसी थी. उनके मुताबिक, कई इलाकों में महीनों कर्फ्यू रहता था, बेटियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते थे और कारोबारियों को रंगदारी देनी पड़ती थी.

‘Past को जानो, तभी Future की जिम्मेदारी समझोगे’

सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान तभी सुरक्षित होता है, जब हम अतीत को देखते हैं. भविष्य तभी गरिमामय होगा, जब वर्तमान सुधरेगा. उन्होंने ‘बंटोगे तो कटोगे’ और ‘एक हैं तो सेफ हैं’ के संदेश को ध्रुवीकरण नहीं, बल्कि सतर्कता और सावधानी से जुड़ा बताया.

SP सरकार का दौर याद दिलाया, गिनाईं घटनाएं

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए मुजफ्फरनगर, कोसीकलां, अलीगढ़ और बरेली के दंगों का जिक्र किया. जवाहर बाग की घटना का भी उल्लेख किया, जिसमें पुलिस अधिकारियों समेत 23 लोगों की जान गई थी. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में यूपी दंगा और कर्फ्यू मुक्त हुआ है.

Mathura-Ayodhya चुनावी मुद्दे नहीं, आस्था के केंद्र

मथुरा और अयोध्या को लेकर सीएम ने कहा कि ये चुनावी एजेंडे नहीं, बल्कि आस्था के केंद्र हैं. काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या एयरपोर्ट, मथुरा-वृंदावन का विकास और 4,500 से अधिक प्राचीन मंदिरों व आध्यात्मिक स्थलों का पुनरुद्धार विरासत को सम्मान देने की कोशिश है. सीर गोवर्धन में संत रविदास कॉरिडोर और फोरलेन सड़क का भी जिक्र किया.

9.75 लाख सरकारी नौकरियां, 25 हजार स्टार्टअप का दावा

युवाओं के रोजगार पर सीएम ने बताया कि अब तक 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है. दस साल का कार्यकाल पूरा होने तक यह आंकड़ा 10.5 लाख पहुंचाने का लक्ष्य है. निवेश के जरिए 65 लाख युवाओं को रोजगार मिलने का भी दावा किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में 96 लाख MSME इकाइयां हैं, जिनमें 3.25 करोड़ से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं. स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है. इनमें करीब आधे महिलाओं द्वारा संचालित हैं.

Job Seeker नहीं, Job Creator बन रहा UP का युवा

योगी ने कहा कि यूपी का युवा अब सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन रहा है. कानपुर में IIT के सहयोग से मेडटेक और ड्रोन टेक्नोलॉजी, नोएडा में रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर तथा लखनऊ में AI सिटी विकसित की जा रही है.

12 लाख करोड़ से 36 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था

सीएम के मुताबिक, साढ़े नौ वर्षों में यूपी की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है. प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार से बढ़कर 1.24 लाख रुपये पहुंची है. जेवर एयरपोर्ट, मेट्रो, एक्सप्रेसवे और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर को उन्होंने प्रदेश के विकास की नई पहचान बताया. उन्होंने कहा कि जिस यूपी में पहले कट्टा और बम बनते थे, वहां आज ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है. मुख्यमंत्री ने 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं से अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्व करने की अपील भी की.

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer