श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर मुकदमा
रामजन्मभूमि थाने में दर्ज प्राथमिकी में ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों का नाम नहीं
चंपतराय के चालक रहे रामशंकर यादव सहित आठ व अज्ञात बनाए गए आरोपित
AYODHYA: राम मंदिर के दानपात्रों की धनराशि में गबन किए जाने के मामले में अंतत: 20 दिन बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एफआरआर दर्ज करा दी गई. श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर गुरुवार शाम रामजन्मभूमि थाने में आठ नामजद व अन्य अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. जिन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई है, उसमें मंदिर व्यवस्था से जुड़े रामशंकर यादव टिन्नू के अलावा ट्रस्ट कर्मी अनुकल्प मिश्र, इसका बहनोई लवकुश मिश्र, टिन्नू का भतीजा मनीष यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र, अविनाश शुक्ल व रिटायर्ड बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव शामिल हैं.संज्ञेय अपराध की धाराओं में दर्ज प्राथमिकी में ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारी चंपतराय, डा अनिल मिश्र, गोपाल राव आदि के नाम नहीं हैं. सूत्रों के अनुसार लवकुश, अनुकल्प, करुणेश और अविनाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है.





