January 13, 2025 10:37 pm

बाबा की नगरी में दुनिया का लगा दिल

  • श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद 15.6 करोड़ भक्तों ने किए बाबा के दर्शन
  • छह वर्षों में दस गुना बढ़ी बाबा के भक्तों की संख्या, 4 सालों में 4 गुना हुई विदेशी तीर्थ यात्रियों की संख्या
  • 3 हज़ार वर्ग फुट से 5 लाख वर्ग फुट के विशाल क्षेत्र में परिवर्तित होने से सुगमता, सुरक्षा और सुविधा ने बढ़ाई बाबा दरबार में भक्तों की संख्या
  • शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और अच्छी कनेक्टिविटी ने काशी में पर्यटकों की संख्या में किया इज़ाफ़ा

VARANASI : उत्तर वाहिनी मां गंगा के किनारे श्री काशी विश्वनाथ धाम का विकास, विस्तार और सौंदर्यीकरण होने के बाद बाबा के धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना की वृद्धि हुई। घरेलू तीर्थयात्रियों के साथ ही विदेशी तीर्थयात्रियों की संख्या में भी कई गुना की वृद्धि दर्ज हुई है। 2017 से 2023 तक तीर्थयात्रियों की संख्या औसतन 10 गुना बढ़ी है। बाबा के दरबार में 2019 से 2023 तक विदेशी तीर्थ यात्रियों की संख्या में चार गुना वृद्धि हुई है। अब तक 15.6 करोड़ भक्तों ने बाबा के चौखट पर पहुंचकर दर्शन किया है।

शिव भक्तों की संख्या में कई गुना वृद्धि

नव्य-भव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम के 13 दिसंबर 2021 के लोकार्पण के बाद बाबा के दरबार में हाज़िरी लगाने वाले शिव भक्तों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि 2017 से 2023 तक बाबा विश्वनाथ के धाम में तीर्थ यात्रियों की संख्या में औसतन 10 गुना की वृद्धि हुई है। जबकि विदेशी तीर्थ यात्रियों की संख्या में 2019 से 2023 तक औसतन चार गुना की वृद्धि हुई है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि 13 दिसंबर 2021 से 30 अप्रैल 2024 तक 15.6 करोड़ भक्तों ने बाबा के चौखट पर पहुंचकर दर्शन किया है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि जीर्णोद्धार के पहले विश्वनाथ धाम में पूरे वर्ष के अंदर 30 से 40 लाख दर्शनार्थी आते थे, जबकि धाम में सुविधाओं के विस्तार के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर लगभग 3 हज़ार वर्गफुट से विस्तार लेकर लगभग 5 लाख वर्ग फुट के विशाल क्षेत्र में परिवर्तित होने के बाद तीर्थ यात्रियों को मंदिर में दर्शन की सुगमता, सुरक्षा और कई तरह की सुविधा उपलब्ध होने लगी है। शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर और अच्छी कनेक्टिविटी ने भी काशी में पर्यटकों की संख्या में इज़ाफ़ा करने में काफी मदद की है।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer