May 21, 2025 2:11 pm

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा जल्द शुरू होगा जेल भरो आंदोलन

samajwadi Party President Akhilesh Yadav attack on BJP

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज इटावा के जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज हेवरा में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे। यहाँ उन्होंने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी और इसके बाद भाजपा सरकार पर जम कर निशाना साधा।

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव की जीत बहुत बड़ी है। मैनपुरी मॉडल ने गुजरात मॉडल को फेल दिया है। अब गुजरात मॉडल वाले मैनपुरी मॉडल पढ़ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमारी Samajwadi पार्टी और इसी तरह से मैनपुरी मॉडल की तरह जमीन पर उतर कर संघर्ष करेगी और आगे चुनाव लड़ेगी।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि हम 2024 का लोकसभा जीतेंगे और 2027 का विधानसभा भी जीतेंगे। जो लोग दावा कर रहे थे आजमगढ़ में हरा दिया है, रामपुर में हरा दिया है उसी तरह से मैनपुरी में भी हरा देंगे। लेकिन वे मैनपुरी मॉडल के सामने फेल हो गए हैं। मैनपुरी की जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है। प्रदेश में भाजपा सरकार का अन्याय बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में जेल भेजा जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा जल्द शुरू होगा जेल भरो आंदोलन

आगे अखिलेश यादव ने कहा पिछले दिनों हम कानपुर गए तो हमारे विधायक को महाराजगंज पहुंचा दिया गया। वह किसी भी जेल में लेकर जाएं, हम अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने हर जेल जाएंगे। हम लोग बहुत जल्द सरकार (BJP) के अत्याचार अन्याय के खिलाफ नेताजी की तरह जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे। बहुत जल्दी हम नेताओं के साथ बैठेंगे और जेल भरो आंदोलन छेड़ने की रणनीति बनाएंगे, भाजपा सरकार का यह अन्याय बहुत दिनों तक नहीं चलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वे करहल आए थे, फुटबॉल की बात कर रहे थे। अच्छा हुआ वह जसवंतनगर नहीं आए क्योंकि यहां के लोग स्प्रिंग की तरह हैं, जितना दबाओगे उतना उछल जाएंगे। अखिलेश ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा के चुनाव में इस बार भोगांव के लोगों ने भी इतिहास रच दिया। करहल तो जीत से ही रहे थे ।

अखिलेश यादव ने कहा अब तो चाचा भी साथ आ गए है

अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी को मिली जीत को लेकर कहा कि किशनी में भी बड़ी जीत मिली, मैनपुरी की जनता का आशीर्वाद मिला और जसवंतनगर ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। हम इसी तरह से जमीन पर लड़ेंगे और जीतेंगे अब तो चाचा शिवपाल यादव के साथ आ गए हैं। मैनपुरी मॉडल तैयार है। हम 2024 और 2027 में भी बड़ी जीत हासिल करेंगे।

पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी और नेता जी ने जो रास्ता दिखाया है उसी रास्ते पर चलकर गरीबों व किसानों को आगे बढ़ाया सकता है। चौधरी चरण सिंह और नेता जी ने देश के किसानों के लिए बहुत बड़े-बड़े फैसले लिए। किसानों को आगे बढ़ाने का काम किया।

नेता जी ने तमाम विरोध को दरकिनार करते हुए विधानसभा के सामने सबसे महत्वपूर्ण स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा लगवाकर उनको सम्मान दिया।

किसानों को एक नजर हल पर और दूसरी संसद पर रखनी चाहिए

अखिलेश यादव ने पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसानों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चौधरी साहब कहते थे कि किसानों को एक नजर हल पर और दूसरी संसद पर रखनी चाहिए। किसानों को निगाह रखनी चाहिए कि सांसद क्या फैसला लेती है। आगे उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह और नेता जी ने किसानों के हित में जो नीतियां बनाई थी भाजपा सरकार उन्हें बर्बाद कर रही है।

कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार किसान विरोधी तीन कृषि काले कानून लेकर आई थी, लेकिन यूपी, उत्तराखंड और पंजाब का चुनाव तथा किसानों की ताकत के आगे भाजपा सरकार को झुकना पड़ा और काले कृषि कानून वापस ले लिए गए। लेकिन भाजपा सरकार अभी भी किसान विरोधी फैसले ले रही है। वह ऐसी नीतियां बना रही है, जिससे किसानों की जमीन जब्त हो जाएगी।

शिवपाल यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मैनपुरी जीत के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। और कहा कि भाजपा सरकार चुने हुए जनप्रतिनिधियों का उत्पीड़न कर रही है अगर सरकार के इशारे पर इसी तरह से नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया गया तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।

हमने नेताजी से संघर्ष सीखा है, चौधरी चरण सिंह जी ने तो आजादी की लड़ाई लड़ी और अंग्रेजों को भगाने का काम किया था। चौधरी साहब के जन्मदिन पर संकल्प लेते हैं कि हम भाजपा सरकार को हटाएंगे।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer