नई दिल्ली :। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को शुक्रवार संसद से अयोग्य घोषित कर दिया गया। अब इसे लेकर साउथ फिल्मों की अभिनेत्री व वर्तमान में भाजपा नेता खुशबू सुंदर (Khushbu Sundar) का एक ट्वीट खूब वायरल हो रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।
खुशबू सुंदर का 2018 का ट्वीट हो रहा वायरल
दरअसल, खुशबू सुंदर का यह ट्वीट 2018 का है, तब वह कांग्रेस में थीं। उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा था- यहां मोदी वहां मोदी जहां देखो मोदी… लेकिन यह क्या?? हर मोदी के आगे भ्रष्टाचार सरनेम लगा हुआ है… मोदी मतलब भ्रष्टाचार… चलिए मोदी का मतलब भ्रष्टाचार कर देते हैं।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
खुशबू सुंदर के इसी ट्वीट को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी नेताओं ने सवाल किया है कि क्या अब पूर्णेश मोदी खुशबू सुंदर के खिलाफ मानहानि का केस दायर करेंगे? बता दें, खुशबू राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य भी हैं।
राहुल की संसद सदस्यता रद्द होने पर खुशबू का ट्वीट
इससे पहले, राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर खुशबू सुंदर ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा- मनमोहन सिंह 2013 में पारित सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर एक अध्यादेश लाना चाहते थे, लेकिन राहुल गांधी ने उसे फाड़ दिया। यह विडंबना ही है कि उनकी सदस्यता आज उसी फैसले से गई है।
बता दें, 2019 में कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था- सभी मोदी चोर क्यों होते हैं। इसी पर गुजरात भाजपा के नेता पूर्णेश मोदी ने मानहानि का केस दायर किया था, जिस पर सूरत की एक अदालत ने उन्हें 23 मार्च को दो साल की सजा सुनाई थी।





