October 31, 2026 10:43 pm

जिस बेटे की तलाश में रातभर भटकते रहे मां-बाप, कुत्ते नोच रहे थे मासूम का शरीर

dog-also-became-drunk-while-drinking-with-the-owner
CONCEPT
  • शुक्रवार शाम खेलने के लिए घर से निकला था 11 वर्षीय प्रियांशु, रातभर गांव और खेतों में तलाशते रहे परिजन
  • तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था मासूम, कक्षा पांच में करता था पढ़ाई

SAHARANPUR: जिस बेटे को मां-बाप शुक्रवार शाम घर से खेलने के लिए भेजकर उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे, वह कभी वापस नहीं आया। रात गहराती गई और परिवार की बेचैनी बढ़ती गई। मां-बाप और रिश्तेदार रातभर गांव की गलियों से लेकर आसपास के खेतों तक उसे तलाशते रहे। हर आहट पर उम्मीद बंधती कि शायद प्रियांशु मिल गया हो, लेकिन शनिवार की सुबह परिवार के लिए ऐसी खबर लेकर आई, जिसने उनकी दुनिया ही उजाड़ दी। गांव से करीब 700 मीटर दूर एक खेत में 11 वर्षीय प्रियांशु का क्षत-विक्षत शव पड़ा था। आवारा कुत्ते उसके शरीर को नोच रहे थे।

शाम को खेलने निकला था प्रियांशु

रविंद्र कुमार का 11 वर्षीय बेटा प्रियांशु उर्फ गुल्लू कक्षा पांच का छात्र था। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह घर से खेलने के लिए निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पहले गांव में इधर-उधर देखा, फिर रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी जुटाई। रात बढ़ने के साथ उनकी चिंता भी बढ़ती गई। गांव और आसपास के खेतों में काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला।

पुलिस ने भी रातभर कराई तलाश

काफी तलाश के बाद भी जब प्रियांशु का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। नागल थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार से जानकारी लेकर बच्चे की तलाश कराई, लेकिन रातभर कोई सफलता नहीं मिली।

सुबह खेत में कुत्तों के बीच मिला शव

शनिवार सुबह गांव से करीब 700 मीटर दूर लुकमान के खेत में ग्रामीणों को कुछ कुत्ते किसी चीज को नोचते दिखाई दिए। पास जाकर देखा तो वहां प्रियांशु का शव पड़ा था। कुत्ते उसके शरीर को नोच रहे थे। यह भयावह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बेटे की मौत की खबर जब परिवार तक पहुंची तो घर में चीख-पुकार मच गई।

चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था प्रियांशु

प्रियांशु अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। परिवार को उससे कई उम्मीदें थीं। जिस उम्र में बच्चे खेल-कूद और पढ़ाई में अपना बचपन बिताते हैं, उस उम्र में प्रियांशु की दर्दनाक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer