NEW DELHI: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में अपने राजनीतिक जीवन का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में जब उन्हें खुद गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की जानकारी नहीं थी, तब महिला पत्रकारों की एक टोली को इसकी भनक लग चुकी थी. पत्रकारों ने उनके कमरे में पहुंचकर न केवल मिठाई की मांग की, बल्कि उनका गला पकड़कर कहा- मिठाई खिलाओ, आप गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले हो!
मोदी को नहीं थी खबर, पत्रकारों ने पहले ही खोल दिया राज
प्रधानमंत्री ने बताया कि 2001 में पार्टी के कुछ शीर्ष नेताओं को ही पता था कि उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिलने वाली है. इसी बीच एक दिन पत्रकारों का एक समूह अचानक उनके कमरे में पहुंच गया. मोदी ने कहा कि आमतौर पर पत्रकार उनके साथ इस तरह पेश नहीं आते थे, लेकिन उस दिन महिला पत्रकारों की एक ब्रिगेड सीधे कमरे में आ धमकी.
गला ही पकड़ लिया और बोलीं, मिठाई खिलाओ
उन्होंने पुराना वाकया याद करते हुए कहा, ‘उन्होंने गला ही पकड़ लिया और बोलीं, मिठाई खिलाओ. मैंने पूछा कि किस बात की मिठाई? उन्होंने कहा कि आप गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. मैंने कहा कि मुझे तो इसकी जानकारी नहीं है. इस पर उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें सब पता है और मैं झूठ बोल रहा हूं.’ मोदी ने कहा कि उस समय इस बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी थी, लेकिन पत्रकारों के उस समूह को पहले ही खबर मिल गई थी. आखिरकार पत्रकारों की जानकारी सही निकली, हालांकि उस समय उनके लिए इस सवाल का जवाब देना मुश्किल हो गया था.
मोबाइल बना ओवी वैन, हर किसी का अपना चैनल
मीडिया के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक ने पत्रकारिता की दुनिया को पूरी तरह बदल दिया है. पहले बड़ी-बड़ी ओवी वैन के लिए संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन अब एक मोबाइल फोन ही ओवी वैन की भूमिका निभा रहा है. आज हर किसी के पास अपना मंच, अपना चैनल और अपना पॉडकास्ट है.
हर खबर पर विशेषज्ञ, हर गली में विश्लेषक
मीडिया की मौजूदा प्रवृत्ति पर चुटकी लेते हुए मोदी ने कहा कि पहले हर गली में क्रिकेट का विशेषज्ञ मिलने की बात कही जाती थी, लेकिन अब हर गली में हर खबर का विशेषज्ञ मिल जाता है. ‘जितने मुंह, उतनी बातें’ का जिक्र करते हुए उन्होंने विचारों की इस विविधता को लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया. हालांकि, उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बिना सटीक जानकारी के विचार प्रस्तुत करना कई बार चुनौतीपूर्ण हो सकता है.
आपदा में रिपोर्टर, लोकतंत्र में मीडिया की अहम भूमिका
प्रधानमंत्री ने मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़, भूकंप और दूसरी आपदाओं के दौरान फील्ड रिपोर्टर कठिन परिस्थितियों में भी मौके पर पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है. पहले भी विभिन्न अभियानों में मीडिया ने योगदान दिया है और आगे भी इसकी जरूरत बनी रहेगी.
2047 की डेडलाइन, मीडिया से मांगा साथ
मोदी ने खबरों की डेडलाइन का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार ने भी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए 2047 की समयसीमा तय की है. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को 2047 से पहले भी हासिल किया जा सकता है, बशर्ते हर क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा के साथ काम किया जाए. वर्ष 2014 से अब तक हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने मीडिया से भारत की उपलब्धियों और देश से जुड़े मुद्दों पर अधिक ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया. साथ ही भारत को नशामुक्त बनाने के अभियान में भी मीडिया से सक्रिय सहयोग की अपील की.





