March 22, 2026 4:05 am

बिहार: अवैध संबंध के चलते मां ने कराई बेटे की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

murder-in-bihar
Google

फारबिसगंज (अररिया) :। बिहार के अररिया के मटियारी पंचायत में एक कलियुगी मां ने अवैध संबंध के चलते बेटे का अपहरण करवाकर हत्या करा दी। पुलिस ने अपहृत सुमन यादव (26) का शव अररिया के चंदा चौक स्थित जेबीसी नहर से बरामद किया है। पुलिस ने युवक की मां को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि चार दिन पहले ही मृतक सुमन यादव की पत्नी रूपा देवी ने स्थानीय थाना में आवेदन दिया था, जिसमें उसने अपनी सास पर पति का जबरन अपहरण कराने का आरोप लगाया था। आवेदन में रूपा देवी ने बताया था कि 19 मार्च की रात 9.30 बजे उसके घर में उनकी सास रेणु देवी (45 साल) ने फोन कर पांच लोगों को घर बुलाया था।

मृतक की पत्नी के अनुसार, सास के कहने पर प्रमुख यादव, धनंजय यादव, चालक दिनकर भगत, संजय यादव और संतोष चौहान घर आए। सभी ने उसके घर में चाय-नाश्ता किया और शराब पी। इसके बाद सास ने उसके पति को जबरन उनलोगों के साथ भेज दिया। रूपा का कहना है कि विरोध करने पर सास ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद से उसके पति लापता थे।

पति की भी संदिग्ध परिस्थिति में हुई थी मौत

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला रेणु देवी के पति रिटायर्ड फौजी स्व. विश्वेश्वर यादव की भी कुछ महीने पहले संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई थी। जिसको लेकर भी स्थानीय ग्रामीण कई तरह की बातें कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि रिटायर्ड फौजी दरगाहीगंज थाना नरपतगंज का निवासी था। जो कुछ साल पहले ही मटियारी पंचायत में जमीन खरीदकर मकान बनाया था। उसकी भी अपनी पत्नी रेणु देवी से अनबन रहती थी। अचानक उनकी संदेहास्पद मौत हो गई। पति की मौत के बाद घर पर बाहरी लोगों का आना जाना लगा रहता था। जिसका विरोध मृतक पुत्र सुमन यादव अक्सर करता था।

मृतक के चाचा जय कुमार यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई (पूर्व सैनिक) की भी हत्या अवैध संबध को लेकर पत्नी रेणु देवी ने कराई थी। आज उसके भतीजे की भी हत्या करा दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

मामले में थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने बताया कि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक की पत्नी के आवेदन पर पहले अपहरण का केस दर्ज किया गया था। शव बरामद होने के बाद केस हत्या में तब्दील होगा।

केस में दर्ज अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। हत्या अवैध संबंध को लेकर कराई गई है। इस संबंध में पुलिस को कई साक्ष्य भी मिले हैं। नहर से बरामद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजा गया है।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer