AYODHYA: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन की तारीख भले ही 12 दिसंबर तय हो, लेकिन उनके आने से पहले ही रामनगरी में सियासी और धार्मिक माहौल गरमाने लगा है. अखिलेश के प्रस्तावित दौरे को लेकर संतों के बीच भी राय बंट गई है. कुछ संत उनके स्वागत के पक्ष में हैं तो कुछ ने विरोध का बिगुल फूंक दिया है. विरोध की अगुवाई कर रहे शीर्ष पीठ रामवल्लभाकुंज के अधिकारी और राम मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमारदास ने साफ कर दिया है कि माफी के बिना अखिलेश की अयोध्या में राह आसान नहीं होगी.
निहत्थे और रामधुन कर रहे कारसेवकों पर पुलिस की गोलीबारी को भुलाया नहीं जा सकता.
बुधवार को मणिरामदास छावनी में हुई बैठक के बाद राजकुमारदास ने 30 अक्टूबर और दो नवंबर 1990 की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि निहत्थे और रामधुन कर रहे कारसेवकों पर पुलिस की गोलीबारी को भुलाया नहीं जा सकता. उनके मुताबिक, तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में हुई यह कार्रवाई अक्षम्य थी.
राजकुमारदास ने कहा कि भगवान श्रीराम की शरण में आने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके लिए अखिलेश यादव को अपने पिता के कृत्य पर क्षमा मांगनी होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह यादव ही नहीं, अखिलेश यादव भी कारसेवकों पर गोलीकांड को लेकर श्रेय लेने की राजनीति करते रहे हैं. उनकी दो टूक थी कि कारसेवकों के परिवारों से माफी मांगे बिना अखिलेश को अयोध्या में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.
इस आग में अखिलेश के विरोधियों के भी हाथ जलेंगे
अखिलेश के विरोध के बीच समर्थन में भी आवाजें उठने लगी हैं. करतलिया भजनाश्रम के महंत रामदास त्यागी और रघुवंश संकल्प सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष दिलीपदास ने विरोध की राजनीति पर सवाल उठाए. रामदास त्यागी ने कहा कि अतीत की आग को दोबारा हवा देने की जरूरत नहीं है. इसकी तपिश में अखिलेश के विरोधियों के हाथ भी जल सकते हैं.
उन्होंने तर्क दिया कि मुलायम सिंह यादव को देश के प्रति योगदान के लिए मोदी सरकार के कार्यकाल में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था. ऐसे में मुलायम सिंह के नाम पर अखिलेश का विरोध करने वालों को पहले उस सरकार और प्रधानमंत्री से सवाल करना चाहिए, जिन्होंने उन्हें यह सम्मान दिया.





