October 27, 2026 11:20 pm

बिहार में पार्षद दंपती ने ऐसे जुटाए ₹3.56 करोड़ और 54 कागज प्रॉपर्टी

PATNA: बिहार में एक पार्षद दंपती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच तेज हो गई है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार को पूर्वी चंपारण के केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी और उनके पति रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक से जुड़े पांच ठिकानों पर छापेमारी की। जांच टीम को 3.56 करोड़ रुपये से अधिक की कथित आय से अधिक संपत्ति के साक्ष्य मिले हैं।

54 कागजों में छिपा करोड़ों की जमीन का हिसाब!

छापेमारी के दौरान टीम को जमीन खरीद से जुड़े 54 दस्तावेज मिले हैं। ये जमीनें पटना, दिल्ली, मुंबई, मोतिहारी और केसरिया में खरीदे जाने से संबंधित हैं। इन संपत्तियों की कीमत करोड़ों रुपये में बताई जा रही है। EOU के अनुसार, दंपती की संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 124.81 प्रतिशत अधिक पाई गई है। हालांकि, बरामद दस्तावेजों और अन्य सामान का मूल्यांकन अभी जारी है।

पांच ठिकानों पर पहुंची जांच टीम

EOU की टीम ने केसरिया के चैनपुर स्थित रजनीश पाठक के पैतृक घर, केसरिया बाजार में पेट्रोल पंप के पास स्थित उनके निजी आवास और युवराज गैस एजेंसी के कार्यालय व गोदाम की तलाशी ली। इसके अलावा नगर पंचायत भवन स्थित मुख्य पार्षद के कार्यालय और पटना जिले के दानापुर स्थित पार्क वेस्ट अपार्टमेंट के एक फ्लैट में भी छापेमारी की गई।

नकदी, गहने और जमीन के दस्तावेजों की जांच

छापेमारी के दौरान नकदी, आभूषण, वाहनों से जुड़े कागजात और जमीन के दस्तावेज मिले हैं। EOU इन सभी की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, विस्तृत मूल्यांकन के बाद कथित आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।

पार्षद पति ने क्या कहा?

रजनीश कुमार पाठक ने बताया कि छापेमारी के दौरान उनके यहां से दो लाख रुपये नकद और जमीन के कुछ कागजात मिले हैं। उनका कहना है कि नकदी गैस गोदाम की थी। उन्होंने कहा कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। फिलहाल, EOU दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer