October 27, 2026 11:20 pm

जूते के तलवों में 2.76 करोड़, आखिर कैसे, आइए जानते हैं?

BARABANKI: बाराबंकी में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने सोने की तस्करी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 1.996 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 2.76 करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी के सोने को जूतों के तलवों में छिपाकर ले जाया जा रहा था।

अहमदपुर टोल प्लाजा पर पकड़े गए दोनों आरोपी

यह कार्रवाई 26 अक्टूबर को बाराबंकी के अहमदपुर टोल प्लाजा पर की गई। DRI लखनऊ की टीम को सूचना मिली थी कि नेपाल के रास्ते विदेशी सोने की तस्करी की जा रही है। इसके बाद अधिकारियों ने संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी सिद्धार्थनगर से दिल्ली जा रहे थे। वे बस्ती से एक निजी बस में सवार हुए थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने फर्जी नामों से बस के टिकट बुक कराए थे।

जूतों के तलवों में छिपाई थीं सोने की छड़ें

DRI की टीम ने संदिग्धों की पहचान करने के बाद बाराबंकी के अहमदपुर टोल प्लाजा पर बस से उतारकर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के जूतों के तलवों के नीचे छिपाई गईं सोने की दो छड़ें मिलीं।बरामद सोने का कुल वजन 1.996 किलोग्राम है। इसकी कीमत करीब 2.76 करोड़ रुपये आंकी गई है।

सीमा शुल्क कानून के तहत हुई कार्रवाई

DRI ने बरामद विदेशी सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों, जिनकी पहचान दुर्गेश और मनीष के रूप में बताई गई है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। एजेंसी की कार्रवाई से नेपाल के रास्ते विदेशी सोने की तस्करी का मामला सामने आया है।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer