July 31, 2026 11:14 pm

देवरिया के बाद कानपुर देहात में खूनी संघर्ष, जमीन विवाद में दो भाईयों की बेरहमी से हत्‍या

  • जमीनी विवाद को लेकर कानपुर देहात के गजनेर में खूनी संघर्ष
  • आरोपितों ने परिवार पर लाठी डंडे से हमला बोल दो भाइयों की हत्या
  • प्लाट पर आरोपितों के पिकअप खड़ा करने को लेकर हुआ था विवाद

कानपुर देहात। उप्र के देवरिया जनपद में जमीनी विवाद में पांच लोगों की हत्‍या का मामला अभी थमा भी नहीं था कि कानपुर देहात के गजनेर में खूनी संघर्ष के बाद दो भाईयों को मौत के घाट उतार दिया गया। यहां भी जमीन के विवाद में हत्‍या की बात सामने आई है। सूचना पर एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं दो हत्‍याओं के बाद स्‍वजन सुबह से हंगामा कर रहे हैं।

दोनों पक्ष में विवाद के बाद लाठी डंडे से हमला

कानपुर देहात के गजनेर के निनाया गांव में जमीनी विवाद में आरोपितों ने परिवार पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया व दो भाइयों की हत्या कर दी। परिवार के ही चार लोग घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। एसपी व एएसपी ने गांव पहुंचकर जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार गांव के सत्यनारायण शर्मा ने कई वर्ष पहले गांव में ही एक जमीन ली थी। इस पर गांव के ही मोहन शुक्ला के परिवार से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हो गया इसके बाद मोहन ने अंजनी, सुंदर व अन्य के साथ मिलकर दूसरे पक्ष पर लाठी डंडे से हमला कर दिया और जमकर मारा।

सुबह हुई मौत की खबर

इससे 70 वर्षीय सत्यनारायण, उनके भाई 56 वर्षीय रामवीर, रामवीर की पत्नी मधु, बेटी मीनू, काजल व बेटा संजू घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से कानपुर रेफर किया गया था। जहां शुक्रवार सुबह सत्यनारायण व रामवीर की मौत हो गई। गांव वालों को सुबह मौत का पता चला तो भीड़ जुट गई।

सीओ अरुण सिंह व गजनेर पुलिस पहुंची। घर पर ताला होने से ग्रामीणों से जानकारी ली व एक टीम अस्पताल को गई। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया की प्लाट पर आरोपितों के पिकअप खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपितों की तलाश में टीम लगी है।

UP Ka Agenda
Author: UP Ka Agenda

What does "money" mean to you?
  • Add your answer